लंभुआ। चांदा रजबाहा में कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। इससे 10 से अधिक गांवों में धान की रोपाई का संकट गहरा गया है। सैकड़ों बीघे खेत सूखे पड़े हैं, जिससे किसानों को फसल उत्पादन घटने की चिंता है। चांदा रजबाहा से परसरामपुर, मुरली, धारपुर समेत 10 से अधिक गांवों के खेतों की सिंचाई होती है। पानी न होने से खेतों में दरारें पड़ रही हैं।
किसान रामदेव, अमरनाथ और शिवप्रसाद ने बताया कि धान की नर्सरी भी खराब होने लगी है। निजी साधनों से सिंचाई कराने पर डीजल और बिजली का खर्च बढ़ गया है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन कुमार सिंह ने बताया कि रजबाहा में पानी बंद है। विभाग जल्द ही करीब पांच दिन तक पानी छोड़ेगा, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।