स्थानीय स्टेशन के पूर्वी छोर पर स्थित रेल फाटक संख्या 112-सी फिलहाल बंद नहीं होगा। डीआरएम कार्यालय ने इस संबंध में इंजीनियरिंग विभाग की ओर से भेजा गया प्रस्ताव निरस्त करते हुए नए नया फाटक व केबिन भवन निर्माण को स्वीकृति प्रदान करने के साथ धनावंटन भी कर दिया है। डीआरएम कार्यालय ने कार्यदायी संस्था को तीन माह में कार्य पूरा करने का आदेश दिया है। धनावंटन मिलते ही कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
गौरीगंज-अठेहा मार्ग पर स्थानीय स्टेशन के पूर्वी छोर पर फ्लाईओवर निर्माण के बाद से ही विभाग अरसा पूर्व से संचालित रेलवे फाटक संख्या 112-सी को बंद करने की कवायद मेें जुटा था। फाटक को बंद किया जा सके इसके लिए इंजीनियरिंग विभाग डीआरएम कार्यालय को प्रस्ताव भेज चुका था। फाटक बंद करने की बात सार्वजनिक होने के बाद से ही स्थानीय लोगों की मांग व साइडिंग कार्य प्रभावित होने का हवाला देते हुए स्टेशन अधीक्षक ने डीआरएम कार्यालय को पत्र भेजकर फाटक बंद नहीं करने का अनुरोध किया था।
लोगों की मांग व साइडिंग कार्य को प्रभावित होता देख डीआरएम कार्यालय ने बीते दिनों इंजीनियरिंग विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को नामंजूर करते हुए ट्रैक के दोहरीकरण कार्य को देखते हुए ट्रैक सीमा के बाहर नए फाटक व केबिन भवन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान करते हुए तीन माह में निर्माण कार्य पूरा कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। डीआरएम कार्यालय से निर्माण को स्वीकृति मिलने तथा धनांवटन के बाद कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। रेलवे के निर्णय से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।