सुल्तानपुर। ऊंचहरा गांव में मंगलवार की दोपहर नहर की पटरी पर एक नवजात पाया गया। शिशु की आवाज सुनकर रास्ते से गुजर रहा एक ग्रामीण वहां पहुंचा और इसकी सूचना यूपी 100 को दी।
सूचना के बाद पहुंची यूपी 100 ने नवजात शिशु को जिला अस्पताल के बेबी केयर यूनिट में भर्ती कराया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ऊंचहरा गांव में मंगलवार की दोपहर गांव के ही जगदीश मौर्य नहर की तरफ गए थे। जगदीश को रास्ते में नहर की पटरी के किनारे एक शिशु के रोने की आवाज सुनाई पड़ी।
उन्होंने नजदीक जाकर देखा तो कपड़े में लिपटा एक नवजात पड़ा था। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जगदीश ने इसकी सूचना यूपी 100 को दी।
सूचना के बाद पहुंची यूपी 100 नवजात शिशु को लेकर जिला अस्पताल के बेबी केयर यूनिट पहुंच गई। यूपी 100 ने एहतियातन शिशु को भर्ती करा दिया।
नवजात (लड़का) पूरी तरह से स्वस्थ है। पुलिस की मानें तो कोई लोकलाज के डर से नवजात शिशु को नहर की पटरी पर रखकर चला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।