फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

642 ग्राम पंचायतों में सत्ता में आई नई सरकार

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। पांच साल बाद 642 ग्राम पंचायतों में नई सरकार सत्ता में आ गई। मंगलवार को ग्राम पंचायतों में आयोजित सादे कार्यक्रम में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों को वर्चुअल माध्यम से ऑनलाइन शपथ दिलाई गई।
विज्ञापन

27 मई को आयोजित पहली बैठक में विभागों के बंटवारे के बाद गांव की सरकार अपना कामकाज शुरू कर देगी। शपथ ग्रहण कार्यक्रम का अधिकारियों ने जायजा लिया। शपथ नहीं ले पाने से 332 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान मन मसोस कर रह गए।
पांच साल बाद जिले की 979 ग्राम पंचायतों में 642 गांव में नई सरकार सत्ता में आ गई। कोरोना संक्रमण को देखते हुए ग्राम पंचायतों में पहली बार आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों ने वर्चुअल माध्यम से ऑनलाइन शपथ ली।
विज्ञापन

ब्लॉकों पर नामित नोडल अधिकारियों ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्य को ऑनलाइन पद, गोपनीयता व सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद ग्राम प्रधानों व सदस्यों का शपथ पत्र भरवाया गया।
पंचायत सचिवों के समक्ष नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों ने शपथ पत्र भरकर जमा किया। देर शाम तक शपथ पत्र ब्लॉकों पर नोडल अधिकारियों के पास जमा हो गया। शपथ ग्रहण के बाद 642 ग्राम पंचायतों में नई सरकार सत्ता में आ गई।
जयसिंहपुर के गोसैसिंहपुर में रजनीश मिश्र ने निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रातेश सिंह बंटी की मौजूदगी में 11 ग्राम पंचायतों को शपथ दिलाई। ग्राम पंचायतों में वर्चुअल माध्यम से आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम का अधिकारियों ने जायजा लिया।
जिला मजिस्ट्रेट रवीश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स व जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने कई विकास खंडों की ग्राम पंचायतों का जायजा लेते हुए कोविड गाइड लाइन की व्यवस्था देखी।
27 मई को ग्राम पंचायतों की पहली बैठक में सदस्यों में विभाग का बंटवारा (छह समितियों का गठन) किया जाएगा। विभागों के बंटवारे के बाद गांव की नई सरकार अपना कामकाज शुरू कर देगी। समितियों को गठन कराने की जिम्मेदारी जिला मजिस्ट्रेट ने पंचायत सचिवों को दी है।
कोरोना संक्रमण काबू कर शुरू कराएंगे मनरेगा का कार्य
मोतिगरपुर पठखौली के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान शंभू प्रसाद ने ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में शपथ ग्रहण के बाद गांववासियों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए तीन दिनों से ग्राम पंचायत में वाहन से प्रचार कराया जा रहा है। गांव को सैनिटाइज कराते हुए लोगों को मास्क का वितरण किया जाएगा। पहली बैठक के बाद बंद मनरेगा कार्य एक सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा।
मोतिगरपुर के शाहपुर लपटा के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान जयप्रकाश यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत में नाली, नाबदान व सार्वजनिक स्थलों की जल्द सफाई कराकर सैनिटाइज कराया जाएगा। कोरोना से ग्रामीणों के बचाव के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
मनरेगा का कार्य सप्ताह भर में शुरू करके मजदूरों को रोजगार दिया जाएगा। मलिकपुर बखरा के नवनिर्वाचित प्रधान सुशील कुमार गोस्वामी ने बताया कि, कोरोना से बचाव को लेकर उन्होंने पहले ही ग्राम पंचायत के करीब 600 घरों को सैनिटाइजर व मास्क वितरित किया है।
लोगों को बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। सर्दी-जुकाम या बुखार जैसे लक्षण वालों का कोविड टेस्ट कराएंगे। गांव में संचालित गोवंश आश्रय स्थल का मनरेगा से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। रोजगार के लिए अन्य कार्य शुरू किए जाएंगे।
कुड़वार विकास खंड के प्रतापपुर द्वितीय के निर्वाचित प्रधान इलियास अहमद ने शपथ ग्रहण के बाद कहा कि गांव के विकास के लिए योजना बनाकर कार्य किया जाएगा। मनरेगा से लोगों को अधिक से अधिक कार्य जल्द दिया जाएगा। कोरोना से बचाव के लिए टेस्ट कराते हुए किट का वितरण किया जाएगा।
कुड़वार के इसरौली ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि जल्द ही गांव में विकास का पहिया आगे बढ़ेगा। मनरेगा से बंद पड़े कार्य को जल्द शुरू कराया जाएगा। कोविड संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ गांव में सफाई व सैनिटाइजेशन कराया जाएगा।
मन मसोस कर रह गए 332 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान
निर्वाचित होने के बाद भी सदस्यों का कोरम पूरा नहीं होने से शपथ ग्रहण न कर पाने वाले 332 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान मन मसोस कर रह गए। अब इन नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को शपथ ग्रहण के लिए उपचुनाव का इंतजार करना पड़ेगा।
कुड़वार के रवनिया पूरब के निर्वाचित ग्राम प्रधान दीपनारायण सिंह ने कहा कि उन्हें उपचुुनाव का इंतजार करना पड़ेगा। इस बीच व प्रशासक के संपर्क में रहकर गांव के विकास में अपना योगदान देते रहेंगे।
कुड़वार विकास खंड के अझुई ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान डॉ. इमरान अली खान ने बताया कि दो तिहाई सदस्यों का कोरम पूरा नहीं होने से शपथ ग्रहण नहीं कर पाने का मलाल है लेकिन वे अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेंगे। उपचुुनाव तक गांव के विकास में प्रशासक का सहयोग करके अपना योगदान देते रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें