शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों की चहल-पहल बढ़ गई है। देवी मंदिर सज-धज कर तैयार हो गए हैं। बुधवार को मंदिरों की साफ-सफाई व लाइटिंग का कार्य किया गया। बृहस्पतिवार से नौ दिनों तक देवी मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए भक्तों का तांता लगेगा। नौ दिन का व्रत रखने वाले माता रानी के भक्तों ने दुकानों से कलश, नारियल, चुनरी व पूजन सामग्रियों की खरीदारी की।
बृहस्पतिवार को शुभ मुहूर्त में लोग घर व शहर के पूजा पंडालों में कलश स्थापित कर विधि विधान से पूजा पाठ करेंगे। शहर में गोमती नदी के किनारे स्थित सीताकुंड धाम, शहगंज स्थित मां काली मंदिर, रुद्रनगर स्थित नयना माता मंदिर, लोहरामऊ स्थित देवी मंदिर समेत सभी देवी मंदिर देर शाम रोशनी से जगमगा उठे।
नौ दिनों तक उपवास रखकर माता रानी की आराधना करने वाले महिला-पुरुष भक्तों ने बुधवार को सुबह से लेकर शाम तक कलश, नारियल, चुनरी, फल व पूजन सामग्रियों की खरीदारी की। फिलहाल, हर साल की अपेक्षा इस बार भी नवरात्र पर्व पर महंगाई का असर दिखा।