सुल्तानपुर। लंभुआ क्षेत्र में सोमवार की सुबह भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच भिड़ंत मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष से पिता पुत्र समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुत्र की मौत हो गई। सूचना मिलते ही सीओ लंभुआ ने घटना स्थल का निरीक्षण कर अस्पताल में भर्ती घायलों से पूछताछ की। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
यह घटना लंभुआ के मलाक तुलापुर में हुई। गांव निवासी रामनरेश और अशोक सिंह के बीच आबादी की भूमि पर रास्ता निकालने को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद में सोमवार की सुबह दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई। मारपीट में अशोक सिंह पक्ष ने लाठी-डंडे से राम नरेश (60), मनोज (30) (पिता-पुत्र), जितेंद्र (25) पुत्र बैजनाथ, इन्नराजी (50) पत्नी बैजनाथ, पुष्पा (15) पुत्री बैजनाथ को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ लंभुआ सतीश चंद्र शुक्ल घटना स्थल पर पहुंचे और जांच की। सीओ ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की। डीआईजी/एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज घटना में शामिल अशोक सिंह, आलोक सिंह, किरन, इंद्रावती और अंतिका को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों ने डीएम आवास पर किया प्रदर्शन
सुल्तानपुर। भूमि विवाद को लेकर किए गए हमले में युवक की हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार शाम डीएम आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग थी कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। उधर, डीआईजी/ एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार को अनुमन्य सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराई जा रही है।