नगर निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया में छठवें दिन अभी नगर पालिका चेयरमैन का कोई नामांकन नहीं हुआ। सोमवार को कोई नामांकन नहीं होने से मंगलवार को अंतिम दिन अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ने के आसार हैं। मंगलवार को ही चारों दलों के लोग नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। सोमवार को नगर पालिका सदस्य के लिए 94 लोगों ने नामांकन पत्र भरा। नगर पंचायत दोस्तपुर व कोइरीपुर व कादीपुर में भी अध्यक्ष व सदस्य के लिए पर्चे भरे गए। कार्य समाप्ति तक पर्चों की बिक्री होती रही।
नपा चेयरमैन के लिए बिके 11 नामांकन पत्र
नगर पालिका परिषद के चेयरमैन के लिए सोमवार को छठें दिन भी कोई नामांकन पत्र नहीं दाखिल हुआ। अभी तक चेयरमैन के लिए सिर्फ एक नामांकन पत्र भरा गया है। छठवें दिन भी कोई नामांकन नहीं होने से मंगलवार को अंतिम दिन सभी दलों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ने के आसार हैं। भाकजपा, सपा, कांग्रेस व सपा समेत सभी प्रत्याशी मंगलवार को ही नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। मंगलवार को भी चेयरमैन के लिए 11 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। एसडीएम सदर/आरओ प्रमोद पांडेय ने बताया कि छठवें दिन नपा सभासद के लिए विभिन्न वार्डों से 94 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नपा चेयरमैन के लिए 11 व सभासद के लिए 26 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। नामांकन के लिए सभासद प्रत्याशी जुलूस के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे।
चेयरमैन के लिए छह प्रत्याशियों ने दाखिल किया पर्चा
नगर पंचायत कादीपुर की तहसील मुख्यालय पर चल रही नामांकन प्रक्रिया के छठवें दिन बड़ी गहमागहमी के बीच चेयरमैन के लिए भाजपा, सपा समेत छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरा। क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम के साथ भाजपा प्रत्याशी आनंद जायसवाल ने नामांकन पत्र भरा। सपा प्रत्याशी मकसूद आलम ने भी समर्थकों व पदाधिकारियों के साथ तहसील पहुंचकदर नामांकन पत्र दाखिल किया। सोमवार को निर्दल के रूप में विजयभान सिंह, धीरज, रेनू व ओंकारनाथ ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों के लिए 31 नाम निर्देशन पत्र दाखिल हुए। एसडीएम/आरओ प्रिया सिंह ने बताया कि सोमवार को सभासद के लिए पांच नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। नामांकन के दौरान तहसील मुख्यालय पर काफी गहमागहमी रही।