चुनाव आयोग से अधिसूचना जारी होते ही एक बार फिर चुनाव का बिगुल बज गया है। जिले की 986 व अमेठी की 682 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में सुल्तानपुर जिले के मोतिगरपुर, जयसिंहपुर, कूरेभार व धनपतगंज ब्लॉक में चुनाव कराए जाएंगे।
दूसरे चरण में बल्दीराय, कुड़वार व दूबेपुर में मतदान होगा। तीसरे चरण में कादीपुर, दोस्तपुर, अखंडनगर व करौंदीकलां में चुनाव कराए जाएंगे। चौथे व अंतिम चरण में भदैंया, लंभुआ व पीपीकमैचा में चुनाव होंगे। समय से चुनाव नहीं होने से प्रधानविहीन हुईं ग्राम पंचायतों के कार्य एडीओ पंचायत संभालेंगे। शासन ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
हालांकि आदेश नहीं पहुंचने से अभी तक जिले में एडीओ पंचायतों को ग्राम प्रधानों का चार्ज नहीं दिया जा सका है। चुनाव आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होने के साथ ही ग्राम प्रधानी के चुनाव का बिगुल बज गया है। सुल्तानपुर जिले में 805 पुरानी ग्राम पंचायतें हैं जबकि नए परिसीमन में इनकी संख्या बढ़कर 986 हो गई है।
आयोग के निर्देश के मुताबिक जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी जिले में रविवार को चुनाव की अधिसूचना जारी करेंगे। आयोग से जारी कार्यक्रम के मुताबिक प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव जिले में चार चरणों में कराए जाएंगे।
पहले चरण का चुनाव 28 नवंबर, दूसरे चरण का एक दिसंबर, तीसरे का पांच दिसंबर व चौथे व अंतिम चरण के चुनाव नौ दिसंबर को कराए जाएंगे। 12 दिसंबर को एक साथ सभी चरणों की मतगणना कराई जाएगी। पहले चरण के लिए 16 व 17 नवंबर को नामांकन, 18, 19 को जांच व 20 को नाम वापसी व प्रतीक चिह्न आवंटित किया जाएगा।
दूसरे चरण के लिए 19 व 20 नवंबर को नामांकन, 21 व 22 को नामांकन पत्रों की जांच, 23 को नाम वापसी व चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। तीसरे चरण के लिए नामांकन 21 व 23 नवंबर को होंगे। 24 व 26 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच व 27 नवंबर को नामवापसी व चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
चौथे व अंतिम चरण के लिए 27, 28 नवंबर को नामांकन, 29 व 30 को परचों की जांच तथा एक दिसंबर को नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में चुनाव की अधिसूचना रविवार को जारी की जाएगी।
पहले चरण में अमेठी, संग्रामपुर, भादर व भेटुआ ब्लॉक को शामिल किया गया है। दूसरे चरण में मुसाफिरखाना, जगदीशपुर व बाजार शुकुल में चुनाव कराए जाएंगे। तीसरे चरण में तिलोई, सिंहपुर व बहादुरपुर में चुनाव होंगे। चौथे व अंतिम चरण में गौरीगंज, जामों व शाहगढ़ में चुनाव होंगे।
जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने बताया कि ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त करने संबंधी आदेश अभी नहीं मिला है। आदेश मिलते ही प्रशासक नियुक्त कर दिए जाएंगे। जिले में अधिसूचना रविवार को जारी कर दी जाएगी।