कुड़वार में रोड शो करते सांसद रवि किशन।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। गोरखपुर के सांसद, अभिनेेता व भाजपा के स्टार प्रचारक रवि किशन ने शुक्रवार को मुख्य विपक्षी सपा को भेड़ियों के झुंड की संज्ञा दी। कहा कि एक संन्यासी को हराने के लिए विदेशों से पैसा आ रहा है। इसौली क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में रोड-शो करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार भी प्रदेश में योगी सरकार बनेगी।
शुक्रवार की सुबह गोरखपुर के भाजपा सांसद व फिल्म अभिनेता इसौली विधानसभा क्षेत्र के कुड़वार कस्बे में पहुंचे। कस्बे से उन्होंने रोड-शो के जरिए पार्टी प्रत्याशी ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी का प्रचार शुरू किया। उनके साथ भाजपा प्रत्याशी भी मौजूद रहे। रोड शो के दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को जिताने का अनुरोध किया। कहा कि पिछली बार भाजपा प्रत्याशी कुछ ही वोट से परास्त हुए थे लेकिन इस बार स्थिति बेहद मजबूत है। बताया कि उनका वोट बैंक बढ़ाने के लिए आया हूं। इस बार वे पचास हजार वोटों से जीतेंगे।
भोजपुरी फिल्म स्टार ने अपने रोड शो में विपक्षियों को घेरा। कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। प्रदेश में विकास की धारा बह रही है। विकास की धारा आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश में भाजपा सरकार को जरूरी बताया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मोटर साइकिल सवार रोड शो में शामिल रहे। सांसद ने इसौली के विभिन्न क्षेत्रों में रोड शो करके भाजपा प्रत्याशी के लिए माहौल बनाने की कोशिश में लगे रहे।