रामपुर से पूरे भिखारी सड़क पर अधूरी नाली को देखते इसौली विधायक मो. ताहिर खान
बंधुआकलां/अलीगंज (सुल्तानपुर)। इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान ने मंगलवार शाम बुकुनपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने उन्हें नाली, सड़क, रास्ता, पानी आदि की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने रामपुर से पूरे भिखारी तक निर्मित सड़क का निरीक्षण किया। अधूरी नाली के बारे में विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली।
विधायक के कहने पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता आलोक सिंह ने जल्द ही 1200 मीटर और नाली बनाने का आश्वासन दिया। एई आलोक सिंह ने विधायक को बताया कि हरौरा से चंदौर और मायंग से नौगंवातीर तक बनने वाली सड़क का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
चौपाल में विधायक को जानकारी मिली कि गांव में मस्तान की असामयिक मृत्यु होने पर उनके बच्चो के सिर से पिता का साया उठ गया। इस पर विधायक ने जिला प्रोबेशन अधिकारी से बात कर उनके दो बच्चों और उनकी पत्नी को मासिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा। विधायक के साथ प्रधान मो़ सिद्दीक, पूर्व प्रधान शौकत अली, कलीम, छोट्टन, रिजवान, सिराज अहमद, बब्बू, मो़ अफजाल, मुफीद मौजूद रहे।