सुल्तानपुर। मिशन एक हजार के तहत अब तालाबों का जीर्णोद्धार होगा। प्रशासन के निर्देश के बाद अधिकारी मिशन को अमलीजामा पहनाने में जुट गए हैं। पुराने तालाबों के मौजूदा स्वरूप व उसके रकबे का आंकड़ा जुटाया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद 328 तालाबों का विकास विभाग ने निर्माण भी शुरू करा दिया है।
तालाबों का अस्तित्व बचाने व उसे सुधारने के लिए प्रशासन ने जिले में मिशन-1000 शुरू किया है। जिलाधिकारी सी. इंदुमती ने मिशन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए इसमें विकास विभाग के साथ राजस्व विभाग को भी जिम्मेदारी सौंपी है। राजस्व विभाग से राजस्व रिकॉर्डों में दर्ज पुराने तालाबों की मौजूदा स्थिति व उसके रकबे का ब्योरा मांगा गया था। इसके साथ ही मनरेगा से तालाबों का जीर्णोद्धार कराने का निर्देश भी दिया गया था।
प्रशासन के निर्देश पर मिशन एक हजार के तहत तालाबों के जीर्णोद्धार की कवायद शुरू हो गई है। राजस्व विभाग की ओर से मिशन के तहत ज्यादातर पुराने तालाबों का आंकड़ा विकास विभाग को उपलब्ध करा दिया गया है। विकास विभाग के मनरेगा सेल ने ग्राम पंचायत अधिकारियों से तालाबों की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट लेते हुए उसकी कार्ययोजना बनाकर निर्माण का निर्देश दिया है।
रिपोर्ट आने के बाद मिशन एक हजार के तहत मनरेगा से 328 तालाबों का निर्माण शुरू करा दिया गया है। शेष तालाबों की रिपोर्ट खंड विकास अधिकारियों से मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद इस पर भी कार्य शुरू होगा।
राजस्व विभाग की रिपोर्ट आने के बाद खंड विकास अधिकारियों से विकास विभाग ने तालाबों की कार्ययोजना मांगी थी। ब्लॉकों से आई रिपोर्ट में 212 तालाब पूर्ण पाए गए हैं। ये तालाब मनरेगा से बनवाए गए थे।
मनरेगा उपायुक्त विनय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मिशन एक हजार के तहत खंड विकास अधिकारियों से शेष तालाबों की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलते ही अन्य तालाबों का निर्माण भी शुरू करा दिया जाएगा।