प्रतापगंज। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर नरायनपुर बिसानी गांव के पास फास्ट फूड की दुकान पर मंगलवार रात बैठे युवक पर दो बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की। युवक ने मेज कुर्सी के पीछे छिपकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। वारदात के बाद हमलावर बाइक सहित भाग निकले। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नरायनपुर बिसानी गांव निवासी अमित दुबे व उनके दोस्त राजेश मंगलवार रात करीब 8.30 बजे हाइवे स्थित एक फास्ट फूड दुकान पर बैठे थे। उनका आरोप है कि उसी समय दो बाइकों से चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। दोनों बाइकों पर पीछे मौजूद बदमाशों ने असलहे निकालकर अमित को निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की। अमित व राजेश ने कुर्सी व मेज के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई।
इसी बीच बाइक सवार हमलावर भाग निकले। वारदात की जानकारी मिलने पर कोतवाली देहात पुलिस घटनास्थल पहुंची। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंड देव मिश्र ने बताया कि मौके पर पुलिस टीम ने जांच की। फायरिंग का कोई सबूत नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।