गोसाईगंज के रामचंद्रपुर स्थित पुल पर खड़े ग्रामीण। स्रोत-ग्रामीण
गोसाईगंज। रामचंद्रपुर स्थित पुल से बुधवार सुबह एक विवाहिता नहर में कूद गई। ग्रामीणों और पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।
गोसाईगंज के मूंगर तुरकहिया गांव निवासी हकीकुल (23) का निकाह गत वर्ष नवंबर में मूंगर, बेनी का पुरवा निवासी शमशाद से हुआ था। परिजनों का कहना है कि विवाह के कुछ समय बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा था। हकीकुल पिछले कुछ समय से मायके में रह रही थी। उनकी मां ममता ने बताया कि मंगलवार शाम को बेटी व दामाद के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी। तनाव इस कदर बढ़ा कि दोनों के बीच तलाक की बातें होने लगी।
बुधवार सुबह 11 बजे हकीकुल बिना कुछ बताए घर से निकली। कुछ देर बाद पता चला कि हकीकुल रामचंद्रपुर स्थित पुल से नहर में कूद गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खेत से लौट रहे एक दंपती ने महिला को नहर में कूदते देखा और शोर मचाया। पुल के पास महिला की एक चप्पल और छाता मिला है। गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्र ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से नहर में महिला की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।