सुल्तानपुर। डोभियारा गांव में तीन दिन पूर्व हुई महिला की मौत से पर्दा उठ गया है। ससुरालीजनों ने महिला की दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने हत्या में शामिल पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा गांव निवासी रोहित की पत्नी काजल (22) का शव पिछले शुक्रवार की देर रात घर के अंदर पंखे के हुक के सहारे लटकता पाया गया था।
दूसरे दिन काजल की मौत की सूचना के बाद पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया था। काजल के पिता परीदीन निवासी पाली थाना बाजार शुकुल जिला अमेठी की तहरीर पर पुलिस ने पति रोहित कुमार, ससुर हरीराम व सास किरन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था।
पोस्टमॉर्टम में काजल की मौत गला घोंटने से हुई पाई गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने पति समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।