सुल्तानपुर। दहेलवा गांव में दो वर्षीय एक अतिकुपोषित बच्चा पाया गया है। परिवारीजनों ने बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। स्वास्थ्य विभाग को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के दहेलवा गांव निवासी सुबराती का दो वर्षीय बेटा शहमान भी अति कुपोषित मिला। बीते गुरुवार को शहमान का बड़ा भाई अरमान (7) गांव में तालाब के पास खेलते हुए पानी में डूब गया था, जिसे ग्रामीणों ने बचाया था। तालाब से बाहर निकाले जाने के बाद से ही अरमान बेहोशी की हालत में है। परिवारीजन उसे लेकर शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे एडमिट कर लिया।
सुबराती के साथ अस्पताल पहुंचे उसके दो वर्षीय बेटे शहमान पर चिकित्सकों की नजर पड़ी तो दंग रह गए। शहमान में अति कुपोषित मिलने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। इस बाबत सीएमओ डॉ. केबी सिंह ने बताया कि जिले में अब तक साढ़े छह हजार बच्चे अति कुपोषित पाए गए हैं। दहेलवा गांव में अति कुपोषित बच्चा पाए जाने की जानकारी नहीं है। जांच की जाएगी।