18. रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री। संवाद
सुल्तानपुर। नवरात्र के करीब आते ही माता वैष्णो देवी और मैहर धाम दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। इसका असर ट्रेनों की टिकटों पर साफ दिखाई दे रहा है। सुल्तानपुर से होकर जम्मू की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। अधिकांश ट्रेनों में मार्च तक सीटें फुल हो चुकी हैं और वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच गई है।
चैत्र नवरात्र का शुभारंभ 19 मार्च से शुरू हो रहा है। 27 मार्च को रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु वैष्णो देवी और मैहर धाम दर्शन करने जाते हैं। सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन से होकर जम्मू-कटरा की ओर प्रतिदिन जाने वाली बेगमपुरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 19 मार्च को स्लीपर में 83, 20 को 96, 21 को 82 और 22 को 102 वेटिंग है। हावड़ा से जम्मू तवी जाने वाली हिमगिरि सुपरफास्ट ट्रेन के स्लीपर में 21 और 22 मार्च को नो रूम है। साथ ही 25, 28 और 29 मार्च को भी नो रूम है। इसके अलावा प्रत्येक शनिवार को सुल्तानपुर से होकर मैहर जाने वाली नौतनवा दुर्ग एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में 21 मार्च को 71 और 28 को 66 वेटिंग है।
यात्री अजीत, संजय, विशाल और शुभम ने बताया कि वह रोजाना रेलवे की ऑनलाइन वेबसाइट पर टिकट चेक कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कन्फर्म सीट नहीं मिल सकी है। कई बार वेबसाइट पर जाकर टिकट उपलब्ध होने का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं यात्री आशीष ने बताया कि परिवार के साथ दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन टिकट नहीं मिलने से योजना स्थगित करनी पड़ सकती है। आलोक ने बताया कि टिकट कन्फर्म नहीं होने से अब वे दूसरे साधनों से यात्रा करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक शिवकुमार ने बताया कि मार्च में वैष्णो देवी धाम और मैहर धाम जाने वाली ट्रेनें फुल हो गई हैं। तत्काल में चार से पांच टिकट ही कन्फर्म हो पा रहे हैं।