सुल्तानपुर। महाराष्ट्र पुलिस ने मंगलवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में चोरी के आरोपी गौसुज्जमा को पेश किया, और आरोपी को पांच दिन तक ट्रांजिट रिमांड पर देने की मांग की। प्रभारी सीजेएम शुभम वर्मा ने सशर्त तीन दिन के लिए ट्रांजिट रिमांड की इजाजत दी है।
मुंबई के वडाला, रफी अहमद किदवई मार्ग थाने में चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज है। प्रकरण में सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना के मुजाहिद नगर साहबगंज रोड निवासी गौसुज्जमा को आरोपी बनाया गया है।
विवेचक ने चोरी गए सामान की बरामदगी व आरोपी को संबंधित कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की मांग करते हुए अर्जी दी थी, अर्जी को अदालत ने स्वीकार कर लिया है। अदालत ने ट्रांजिट रिमांड के दौरान आरोपी की सुरक्षा व्यवस्था व उसे कोर्ट में पेश करने के पहले मेडिकल कराने की शर्त लगाई है। अदालत ने एसपी को भी आदेश की प्रति भेजने का आदेश दिया है।