विद्युुत बचत योजना के तहत शहर के साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी एलईडी बल्ब की बिक्री शुरू करा दी गई है। विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों के कस्बों में भी स्टॉल लगाकर एलईडी की बिक्री शुरू करा दी गई है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में एलआईडी योजना को पूरी सफलता नहीं मिल पा रही है।
विद्युत बचत योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा रियायती दरों पर एलईडी बिक्री के चलाए जा रहे वितरण कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों के बड़े कस्बों में भी स्टॉल लगवाए गए हैं। विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता शुभचंद्र झा के निर्देश पर चांदा, सूरापुर, कादीपुर, लंभुआ, धम्मौर, रामगंज में एलईडी बिक्री के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। बड़े कस्बों में दो-दो जगहों पर स्टॉल लगाए गए हैं।
इसके अलावा शहर में भी करीब एक दर्जन स्थानों पर एलईडी की बिक्री रियायती दरों पर कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में योजना का लाभ विभाग को पूरा नहीं मिल पा रहा है। अधिकतर विद्युत बल्बों का प्रयोग करने वाले ग्रामीण सौ रुपये प्रति पीस में इसे खरीदने से भाग रहे हैं। माना जा रहा है कि इसी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में इसका लाभ विभाग को नहीं मिल पा रहा है। अधीक्षण अभियंता एससी झा का कहना है कि जागरूकता के अभाव में यह दिक्कत आ रही है।