पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के अखंडनगर के रतनपुर के पास घटनास्थल पर लगी भीड़। स्रोत-यूपीडा
- फोटो : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के अखंडनगर के रतनपुर के पास घटनास्थल पर लगी भीड़। स्रोत-यूपीडा
अखंडनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रतनपुर के पास बुधवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के सागर जिले के बाड़ा गांव निवासी रामकिशोर (40) के रूप में हुई। वह कार्यदायी संस्था की ओर से काम कर रहे थे।
दुर्घटना बुधवार पूर्वाह्न 11:30 बजे हुई। मजदूर रामकिशोर अपनी पत्नी अनीता के साथ अखंडनगर के रतनपुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क पर काम कर रहे थे। दोस्तपुर की ओर से आ रही कार सड़क पर लगाए गए सुरक्षा बैरियर को तोड़ते हुए कार्यस्थल में घुस गई। कार की चपेट में आने से रामकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत से पत्नी अनीता गमजदा है। उनकी कोई संतान नहीं है।
यूपीडा अधिकारी प्रभुदयाल ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। कार बेलवाई पुलिस चौकी पर खड़ी की गई है। यूपीडा की ओर से अखंडनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। अखंडनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।