कुड़वार (सुल्तानपुर)। भीषण गर्मी से लोगों को राहत देने के लिए अधीक्षण अभियंता ने कुड़वार व धम्मौर विद्युत उपकेंद्र को कटौती मुक्त करने के लिए निदेशक को पत्र लिखा है। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अधीक्षण अभियंता के पत्र लिखने के बावजूद कुडवार व धम्मौर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों के लोग शनिवार को भी अघोषित विद्युत कटौती से जूझते रहे।
पिछले कई दिनों से हो रही भीषण गर्मी के दौरान बिजली कटौती से परेशान क्षेत्रवासियों ने भाजपा काशी प्रांत के पूर्व उपाध्यक्ष रामचंद्र मिश्र को समस्या की जानकारी दी थी। उन्होंने पिछले दिनों लखनऊ में प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री से मुलाकात कर कुड़वार व धम्मौर विद्युत उपकेंद्र को विद्युत कटौती से मुक्त करने की मांग की थी।
राज्यमंत्री ने अधीक्षण अभियंता को कुड़वार और धम्मौर विद्युत उपकेंद्र को निर्बाध रूप से 24 घंटे विद्युत आपूर्ति करने का निर्देश दिया था। इसको देखते हुए अधीक्षण अभियंता धीरज सिन्हा ने शुक्रवार को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक को पत्र लिखा है।
उन्होंने पत्र में कहा है कि 220 केवी पयागीपुर से निर्गत 33 केवी धम्मौर फीडर पर दो विद्युत उपकेंद्र क्रमश: धम्मौर व कुड़वार संयोजित है।
इस समय बारिश नहीं होने के कारण लोड में अप्रत्याशित वृद्घि हो गई है। इससे 33 केवी फीडर पर ओवरलोडिंग होने के कारण बार-बार ब्रेक डाउन की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
अधीक्षक अभियंता ने निदेशक से कुड़वार व धम्मौर विद्युत उपकेंद्र को 31 अगस्त तक सामान्य कटौती से अवमुक्त करने का अनुरोध किया है। हालांकि, अधीक्षण अभियंता के पत्र लिखने के बावजूद शनिवार को भी कुड़वार व धम्मौर क्षेत्र के लोगों को विद्युत कटौती से जूझना पड़ा है।