सुल्तानपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार सोमवार की रात शहर समेत ग्रामीणांचल में धूमधाम से मनाया गया। रात के 12 बजते ही सभी पंडालों में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, हाथी-घोड़ा पालकी, अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो, राधे-कृष्ण की ज्योति अलौकिक तीनों लोक में छाई रही है’ गीतों के स्वर गूंजने लगे।
भक्तगण श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अनूठे पल की प्रतीक्षा में रतजगा किया। जन्माष्टमी पर देर रात पूजन के बाद भक्तों ने व्रत का पारण किया। बाल गोपाल की मनमोहक लीलाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। पुलिस लाइन में सजी झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
जिले में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर में जगह-जगह सजाई गई भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शाम होते ही शहर में सजी झांकियां रोशनी से नहा उठीं। पुलिस लाइन कैंपस में स्थित राधाकृष्ण मंदिर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
देर शाम से रात 12 बजे तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। पूरा पुलिस लाइन परिसर रात में जगमगा रहा था। यहां की आकर्षक लाइटें व झांकी देखने के लिए श्रद्धालु आतुर दिखे। रात के 12 बजते ही ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, प्रभु आन बसो वृंदावन में, आजा कलयुग में लेके अवतार हे गोविंद, श्याम चूड़ी बेचने आया’ जैसे गीत गूंजने लगे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने पुलिस लाइन में स्थित राधाकृष्ण मंदिर पर भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर पूजा-पाठ किया। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही श्रद्धा भक्ति से लबरेज श्रद्धालु थिरकने लगे। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक समेत कई पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला कारागार व फायर स्टेशन पर स्थित मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर पूजा अर्चना की गई। भगवान श्रीकृष्ण को पालने में झूला झुलाया गया। साथ ही जिले के सभी पुलिस थाना व पुलिस चौकी में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया।
इसके अलावा शहर के पयागीपुर चौराहा, गभडिय़ा, सब्जीमंडी, चौक, गंदानाला रोड, शाहगंज चौराहा, डाकखाना चौराहे पर भी आकर्षक झांकियां सजाई गईं। उधर, ग्रामीण क्षेत्र के लंभुआ, चांदा, गोसाईगंज, दूबेपुर, जयसिहंपुर, कादीपुर, करौंदीकलां समेत कई स्थानों पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया।