लंभुआ। रेलवे ने कोइरीपुर और महारानी पश्चिम स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी है। वाराणसी-लखनऊ के बीच चलने वाली 20401 व 20402 शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस को कोइरीपुर और उतरेटिया-शिवनगर के बीच चलने वाली 64281 व 64282 मेमू ट्रेन को महारानी पश्चिम स्टेशन पर ठहराव मिलेगा। हालांकि, अभी इसकी तिथि घोषित नहीं हुई है।
दोनों स्टेशनों पर ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। लंभुआ के पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी ने डीआरएम से मुलाकात कर इस मांग को उठाया था। उन्होंने रेलवे की सहमति का पत्र सामाजिक माध्यमों पर साझा किया। पूर्व विधायक ने बताया कि कोइरीपुर स्टेशन सुल्तानपुर, जौनपुर और प्रतापगढ़ की सीमा पर स्थित है। यहां ठहराव से तीनों जिलों के यात्रियों को लाभ मिलेगा। वहीं, महारानी पश्चिम स्टेशन पर मेमू के ठहराव से कोथरा बाजार के आसपास के गांवों के लोगों को सहूलियत होगी। कोइरीपुर स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक आशुतोष ने बताया कि ठहराव के संबंध में अभी कोई नया आदेश नहीं मिला है।