अजमल सुल्तानपुरी के पैतृक गांव हरखपुर में मंगलवार की रात ऑल इंडिया कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। दूरदराज से आए कवियों व शायरों ने अपनी-अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर रात भर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
ऑल इंडिया कवि सम्मेलन एवं मुशायरे की शुरुआत नाजिया रिफअत ने अपनी कविता राजे दिल किस तरह से बताऊं उसे, फलसफा प्यार का जिसने समझा नहीं... प्रस्तुत कर किया। कैफ काकोरी ने अपनी रचना....खूबसूरत जिस्म लेकर तू समंदर में ना जा, आग पानी में लगेगी, मछलियां जल जाएंगी, हर रोज दुश्मनों से बचता रहा मगर, कल मेरे दुश्मनों ने मेरा घर जला दिया.... सुनाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
घायल कानपुरी ने....ऋतु भी जाए सावन की, आप बसे परदेस में जाके, धज्जी उड़ गई दामन की.... विरह पंक्ति प्रस्तुत कर महफिल में समां बांध दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अजमल सुल्तानपुरी व मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य यशभद्र सिंह मोनू ने आए हुए कवियों एवं शायरों का हौसला बढ़ाया।
आयोजक रहीम, बब्बू खां, अनवर, भग्गल व करम अली ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।