लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में काटी गई रेल पटरी की वजह से रविवार को वाराणसी से नई दिल्ली को जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन को निरस्त कर दिया गया। ट्रेन निरस्त होने से करीब डेढ़ सौ यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। प्राइवेट वाहनों पर बैठकर यात्रियों ने मंजिल तय की।
शनिवार को लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में रेलवे पटरी कटने से नई दिल्ली से वाराणसी के लिए जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब साढ़े 10 घंटे विलंब से रविवार की सुबह पहुंची जबकि वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन रविवार की शाम निरस्त कर दी गई।
रेलवे स्टेशन मास्टर प्रवीन सिंह ने यात्रियों को सूचना दी की काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है। सूचना मिलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। यात्रियों ने टिकट वापस करके प्राइवेट वाहनों की मदद ली। कई यात्री वापस घर लौट गए जबकि कई यात्रियों ने निजी वाहनों और बसों से मंजिल तय की।