फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुक-रुककर हुई बारिश से सब्जी की फसल चौपट

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। जिले में बुधवार को लगातार दूसरे दिन सुबह से लेकर दोपहर बाद तक हुई रुक-रुककर बारिश से सब्जी की फसल चौपट हो गई। सब्जी की फसल में नुकसान होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश से गन्ना, धान की नर्सरी और पशुओं के हरे चारे के लिए बोई गई चरी में फायदा हुआ है। रुक-रुककर हुई बारिश से सड़कें कीचड़युक्त हो गई हैं। इससे लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। शहर के पयागीपुर चौराहे पर स्थित निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास समेत कई जगहों पर जलभराव हो जाने से लोग परेशान हैं। हालांकि, दो दिनों से हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है।
विज्ञापन

बुधवार को लगातार दूसरे दिन बेमौसम बारिश ने किसानों के खेतों में तैयार सब्जी की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। दोपहर बाद तक रुक-रुककर हो रही बारिश से सब्जी को किसान खेतों से मंडी नहीं पहुंचा पाए। गाढ़ी कमाई से तैयार सब्जी की फसल में नुकसान देखकर किसान चिंतित हो गए हैं। किसानों का कहना है कि अब लगता है कि इससे लागत भी निकाल पाना मुश्किल हो जाएगा। सब्जी की फसल में पानी भर जाने से उसके सड़ने की आशंका बढ़ गई है। सब्जी की फसल में नुकसान होने के साथ ही कुछ फसलों को बारिश से फायदा भी हुआ है। धान की नर्सरी, गन्ना की फसल व पशुओं के हरे चारे के लिए बोई गई सूडान चरी के लिए बारिश फायदेमंद साबित हुई है। बारिश से शहर समेत ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर जलभराव हो गया है। शहर के पयागीपुर चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास हुए जलभराव से लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। इसके अलावा सड़कें कीचड़युक्त हो जाने से लोग परेशान हैं।
खेतों में बर्बाद हो रही सब्जी की फसल
भदैंया। दो दिनों से हवा के साथ हो रही बरसात ने कई गांवों के सब्जी किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। किसानों की तैयार फसल जलभराव से अब बर्बादी की ओर है। भदैंया ब्लॉक के कई गांवों में सब्जी की खेती की जाती है। रामपुर, हनुमानगंज, महानपुर, अभियाकलां, मिश्रपुर पुरैना, पथरा, लोहरामऊ, सजैया, सोनबरसा, जादीपुर, पखरौली, अभियाकला, धरौली समेत गांवों में किसान सब्जी की खेती करते हैं। दो दिनों की बारिश में सब्जी की तैयार फसल के खेतों में जलभराव शुरू हो गया है। किसानों की तरबूज, खरबूज, करेला, लौकी, कद्दू, बोड़ा, भिंडी की फसल तैयार है लेकिन दो दिनों की बरसात से जलभराव ने किसानों की मेहनत को बर्बाद करना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन

धान की नर्सरी डालने में जुटे किसान
कादीपुर। क्षेत्र में लगातार दो दिनों से हुई बारिश से सब्जियों की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। गन्ने की फसल के लिए यह बरसात लाभप्रद साबित हुई है। बेमौसम हुई बारिश से किसान खेतों की जुताई व धान की नर्सरी डालने की तैयारी में जुट गए हैं। किसान राम निहोर प्रजापति, राजेश कुमार, रामसमुझ, गुड्डू व अरविंद तिवारी का कहना है कि इस बरसात से केवल गन्ने की फसल को लाभ पहुंचा है। खेतों में बोई गई सब्जियों के लिए यह बरसात पूरी तरह से अभिशाप साबित हो रही है। सब्जियों के खेत में पानी भर जाने से नेनुआ, कद्दू, लौकी व करेला सहित अन्य सब्जियां बर्बाद हो रही हैं। इसके साथ ही शादी-विवाह के दिनों में जिनके घर शादी विवाह का कार्यक्रम है, वे भी इस बरसात से परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक अनेक लोग अपने छप्पर व कच्चे मकान की छाजन का काम पूरा नहीं कर पाए हैं। इससे उन्हें इस बरसात से काफी दिक्कतें हो रही हैं। उधर, विपणन केंद्र बरवारीपुर के गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों से खरीदे गए गेहूं को गोदाम के अंदर रखा गया है। इससे बरसात से गेहूं पूरी तरह से सुरक्षित है। विपणन निरीक्षक अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि इस क्रय केंद्र पर अभी तक 288 किसानों से 11,733.50 क्विंटल गेहूं खरीदा गया गया है। इसमें से 4,900 क्विंटल गेहूं को केंद्र से भेजा जा चुका है। वर्तमान समय में क्रय केंद्र पर 6,833.50 क्विंटल गेहूं गोदाम के अंदर सुरक्षित रखा गया है।
उर्द व पशुओं के हरे चारे की फसल को हुआ फायदा
कुड़वार। क्षेत्र में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि गन्ना, उर्द, पशुओं के हरे चारे की खेती करने वाले किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो रही है। कुड़वार कस्बा, भंडरा परशुरामपुर, सोहगौली, प्रतापपुर, तिरछे, नेवरा, भगवानपुर, भदहरा, राजापुर, अलीगंज समेत कई स्थानों पर किसान ग्रीष्म कालीन सब्जी की खेती किए हुए हैं। बारिश से फूल वाली सब्जी की फसलों में काफी नुकसान हुआ है। भंडरा गांव के किसान आनंद प्रकाश मिश्र व अलीगंज क्षेत्र के रजत द्विवेदी ने बताया कि घर में शादी होने की वजह से गेेेहूं का भूसा अभी खलिहान में ही रखा हुआ है। बारिश से भूसा भीग गया है। गन्ना किसान पवन पाठक, उदय प्रकाश मिश्र, इंद्र सेन दुबे, रामप्रकाश तिवारी का कहना है कि यह बारिश बहुत लाभप्रद है। सूख रही चरी में रौनक लौट आई है। टेंट व्यवसायी विजय मिश्र, शिवानंद दुबे, आलोक कुमार का कहना है कि दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से जिन लोगों के यहां शादियां हैं उनको काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, साधन सहकारी समिति भंडरा परशुरामपुर में किसानों से खरीदा गया गेहूं बाहर रखा हुआ है। बारिश से बचाने के लिए गेेेहूं को पन्नी से ढंकवाया गया है।
सब्जी की खेती में नहीं निकल पा रही लागत
बल्दीराय। सब्जी के व्यापारी कोरोना के कारण बंदी के चलते उपज का सही मूल्य नहीं पा रहे हैं। अब बारिश से सब्जी खराब हो जा रही है। शाहजहांपुर, पीलीभीत व फरुखाबाद से चार साल से क्षेत्र के पिपरी, कांकर कोला, जमालपुर, हलियापुर में गोमती नदी के किनारे सैकडों बीघे जमीन स्थानीय किसानों से ठेके पर लेकर सब्जी की खेती कर रहे रियाजुद्दीन, नन्हे, भूरा, जाबिर, असगर, गुलाम, गफूर, रसूल ने बताया कि वे कोरोना काल में खेती में लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं। लौकी, तोरई, करेला, कददू, टमाटर, खीरा को अयोध्या, सुल्तानपुर, हैदरगढ़ व अमेठी की बाजार लेकर जाते हैं लेकिन उसका सही मूल्य नहीं मिल पाने के कारण उसे व्यापारी के पास छोड़कर चले आते हैं। व्यापारियों से कहा जाता है कि जो भी भाव बिके उसी में बेच देना। उधर, बल्दीराय के साधन सहकारी समिति कांपा पर लगभग 700 क्विंटल गेहूं बरसात होने पर भीगने लगा है। इसें रखने की व्यवस्था नहीं है। बारिश से बचाव करने के लिए आनन-फानन में सचिव राजेंद यादव ने तिरपाल की व्यवस्था करके किसी तरह बचाया ढकवाया है। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर में गेहूं लदा ट्रक खड़ा है।
आज भी कहीं-कहीं पर होगी हल्की बारिश
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 27.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आर्द्रता (नमी) 97-84 फीसदी रही। दक्षिणी-पुरवा हवा की गति 2.6 किमी/घंटे रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें