सुल्तानपुर। पति की मौत के बाद किसान दुर्घटना बीमा का क्लेम मांगने पर नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने विधवा का दावा खारिज कर दिया। हक के लिए श्वेता सिंह ने स्थायी लोक अदालत का दरवाजा खटखटाया। साक्ष्यों और दोनों पक्षों की बहस के बाद अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। बीमा कंपनी को छह लाख 14 हजार रुपये का भुगतान करना पड़ा।
हलियापुर थाना क्षेत्र के कुंवासी निवासी श्वेता सिंह के पति रणवीर सिंह की वर्ष 2018 में अयोध्या के पूराकलंदर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद बीमा क्लेम के लिए कंपनी से गुहार लगाई, लेकिन निराशा हाथ लगी। आखिरकार न्यायालय की शरण में पहुंचीं श्वेता की पैरवी रंग लाई।
अदालत के आदेश पर बीमा कंपनी ने धनराशि का चेक न्यायालय में जमा किया। शुक्रवार को स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष राधेश्याम यादव और सदस्य राममूर्ति यादव व रमेश चंद्र यादव ने श्वेता को चेक सौंपा। वर्षों बाद हक की रकम मिलने पर उनके चेहरे पर राहत झलकी।