गौरीगंज। जिले के विकास कार्यों के साथ योजनाओं की हकीकत जांचने बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पहुंचीं नोडल अफसर ने देर शाम थाने के निरीक्षण के साथ शुक्रवार को जन सुनवाई की। थाने के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की जांच के बाद फरियादियों से बेहतर व्यवहार करने के साथ शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जन कल्याणकारी योजना, विकास कार्यों के निर्माण कार्य की हकीकत जांचने के लिए नामित प्रमुख सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार मोनिका एस गर्ग ने बृहस्पतिवार देर शाम गौरीगंज थाने का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई के साथ ही आगंतुक रजिस्टर, अपराध रजिस्टर व अन्य रजिस्टर भी देखे। नोडल अफसर ने पुलिस कर्मियों को फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार करते हुए उनकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करने व मूर्ति विसर्जन मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को नोडल अफसर ने कलेक्ट्रेट में सुबह नौ से 10 बजे तक जन सुनवाई की। जन सुनवाई के बाद नोडल अफसर ने सभी अधिकारियों को समय सीमा में गुणवत्ता परक ढंग से शिकायतें निस्तारित करने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट के बाद नोडल अफसर ने तिलोई ब्लॉक के कूरा गांव में चौपाल के साथ ही 200 शैय्या वाले महिला बाल अस्पताल विंग व राजकीय कन्या महाविद्यालय कठौरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण में डीएम प्रशांत शर्मा, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग व एडीएम वंदिता श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।