गौरीगंज। जिले का बहु प्रतीक्षित जिला अस्पताल 22 अक्तूबर से अपने स्थाई भवन में शुरू हो जाएगा। अस्पताल का उद्घाटन केंद्रीय बाल विकास एवं पुष्टाहार व कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी करेंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल के अलावा कई अन्य मंत्रियों के मौजूद रहने की संभावना है।
जिला अस्पताल शुरू होने से करीब 20 लाख आबादी को इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी। अमेठी सांसद व केंद्रीय बाल विकास एवं पुष्टाहार और वस्तु मंत्री स्मृति ईरानी आगामी 22 अक्तूबर को संसदीय क्षेत्र के दौरे पर जिला मुख्यालय पहुंचेंगी।
संसदीय क्षेत्र भ्रमण के दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के साथ ही कई केंद्रीय व प्रदेश के मंत्री के मौजूद रहने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
संसदीय क्षेत्र भ्रमण के दौरान केंद्रीय मंत्री असैदापुर स्थित 42 करोड़ 25 लाख 55 हजार रुपये की लागत से तैयार मलिक मोहम्मद जायसी संयुक्त जिला चिकित्सालय का लोकार्पण के साथ कई अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने जिला अस्पताल का लोकार्पण कार्यक्रम तकरीबन तय होने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अभी कोई लिखित कार्यक्रम नहीं मिला है। संभावना व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जिला अस्पताल के लोकार्पण की तैयारी चल रही है।