अमेठी। उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक शनिवार को स्पेशल ट्रेन से निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने यहां रेल ट्रैक का विंडो इंस्पेक्शन किया।
दिसंबर में रेलवे के महाप्रबंधक के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्थानीय रेलवे मंडल के अधिकारियों की भाग-दौड़ बढ़ गई है। शनिवार को अपराह्न चार बजे स्पेशल ट्रेन से निहालगढ़ स्टेशन पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक संजय त्रिपाठी ने विंडो निरीक्षण कर एक सप्ताह पूर्व दिए गए निर्देशों के अनुपालन में संबंधित स्थानीय रेल अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने परिचालन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कार्यों के बारे में स्थानीय अधिकारियों से जानकारी भी ली। डीआरएम ने मूर्ति विसर्जन यात्रा को लेकर पूरे शोहरत रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ट्रैक व आसपास के गड्ढों को भरने के निर्देश अपर रेल प्रबंधक इंफ्रा काजी मेराज अहमद को दिया।
एडीआरएम मेराज अहमद ने रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर अपनी मौजूदगी में गड्ढा भराने के काम की शुरुआत की। एडीआरएम ने सहायक मंडल अभियंता सुल्तानपुर मंगल यादव को निर्देश भी दिया।
इस दौरान रेल पथ निरीक्षक भूरि सिंह मीना समेत रेलवे के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। निहालगढ़ स्टेशन से रेलवे अधिकारियों का दल लखनऊ के लिए रवाना हो गया।