गौरीगंज। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षणेतर कर्मियों को अक्तूबर का वेतन दीपावली से पहले मिलेगा। इसके लिए लेखा कार्यालय ने सभी बीईओ से वेतन बिल प्रत्येक दशा में 21 अक्तूबर तक कार्यालय को मुहैया कराने को कहा है।
लेखा कार्यालय की इस पहल से 3,523 कर्मियों की दीपावली की खुशी दोगुनी होगी। जिले में 1,337 प्राथमिक व 433 उच्च प्राथमिक परिषदीय विद्यालय संचालित होते हैं। वर्तमान में इनमें 1,052 प्रधानाध्यापक, 2,364 सहायक अध्यापक और 107 शिक्षणेतर कर्मी (कुल 3,523 कर्मी) कार्यरत हैं।
इनको सितंबर का वेतन पहली अक्तूबर को दिया जा चुका है। दीपावली इसी माह की 27 तारीख को पड़ रही है। ऐसे में लेखा कार्यालय की कोशिश सभी कर्मियों को ज्योति पर्व से पहले वेतन मुहैया कराने की है।
इसके लिए लेखा कार्यालय की ओर से सभी 13 खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र जारी कर वेतन बिल हर हाल में 21 अक्तूबर से पहले कार्यालय को मुहैया कराने को कहा है। चूंकि 26 अक्तूबर से स्कूलों के साथ कार्यालय में अवकाश होना है, इसलिए लेखा कार्यालय प्रत्येक दशा में वेतन 25 अक्तूबर तक कोषागार के माध्यम से उनके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर देगा।
वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा श्रीराम मौर्य ने बताया कि शिक्षकों को 25 अक्तूबर तक वेतन देने की तैयारी है। यदि शासन की ओर से बोनस देने का आदेश जारी हो गया तो उसे भी दीपावली के पहले सभी के खातों में भेज दिया जाएगा। परिषदीय शिक्षक/शिक्षणेतर कर्मियों के वेतन व निर्धारित बोनस देने के लिए पर्याप्त बजट लेखा के पास मौजूद है।
वित्त एवं लेखाधिकारी श्रीराम मौर्य ने बताया कि जिले के 33 अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में तैनात 19 प्रधानाध्यापक, 122 सहायक अध्यापक व 43 चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को अभी सितंबर का वेतन नहीं मिल सका है। दीपावली से पहले उन्हें सितंबर व अक्तूबर का वेतन दिया जा सके, इसके लिए शासन से बजट मांगा गया है।