सुल्तानपुर। लॉकडाउन में क्वारंटीन का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ प्रशासन मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें जेल भेजेगा। शहर के रैन बसेरा में क्वारंटीन किए गए कुछ लोगों की ओर से चाय-नाश्ता नहीं लेने व घर जाने की जिद पर अड़ने की सूचना पर डीएम ने सख्त रुख अख्तियार किया है।
मंगलवार को निरीक्षण में जानकारी मिलने पर डीएम ने लोगों को चेतावनी दी है। साथ ही अधिकारियों से अब चाय-नाश्ता नहीं लेने वालों की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
लॉकडाउन के सातवें दिन प्रशासन ने शिकंजा और कस दिया है। प्रशासन ने एक बाइक पर दो लोगों के चलते पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों को कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए घरों में रहने की सलाह दी है।
साथ ही लगातार तीन दिनों से परदेसियों के आने का क्रम मंगलवार को टूट गया। परदेसियों का आवागमन बंद होने से प्रशासन व पुलिस ने राहत की सांस ली है। प्रशासन ने अभी तक आ चुके परदेसियों के स्वास्थ्य पर नजर गड़ा दी है। घरों व रैन बसेरे में क्वारंटीन किए गए लोगों के स्वास्थ्य की रोजाना रिपोर्ट ली जा रही है।
मंगलवार को गभडिय़ा स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण करने पहुंची डीएम को जानकारी मिली कि क्वारंटीन किए गए कुछ लोग घर जाने की जिद पर अड़े हैं। वे चाय व नाश्ता नहीं ले रहे हैं। इस पर डीएम भड़क गईं। डीएम ने एसडीएम को फटकार लगाई।
साथ ही चाय व नाश्ता नहीं लेने वालों को चेतावनी दी। कहा कि क्वारंटीन किए गए लोगों को स्वास्थ्य टीम की देखरेख में निर्धारित अवधि रैन बसेरा में ही बितानी होगी। क्वारंटीन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर उन्हें भेजा जाएगा।
डीएम ने आमलोगों को घरों में रहने की सलाह दी। कहा कि जरूरत की चीजें लोगों के घरों तक पहुंचाई जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा ने भी क्वारंटीन किए गए लोगों को रैन बसेरा में ही रहने की हिदायत दी। इस मौके पर संबंधित मौजूद रहे।
लॉकडाउन के दौरान जिले में 11 हजार से अधिक परदेसी पहुंच चुके हैं। इसमें लगातार तीन दिनों तक आने वाले परदेसी भी शामिल हैं। फिलहाल मंगलवार को परदेसियों के आने का क्रम थम गया है। डीएम सी. इंदुमती ने बताया कि इसमें करीब 200 लोगों को शहर स्थित रैन बसेरा में क्वारंटीन किया गया है।
साथ ही अन्य लोग गांव पहुंच चुके हैं। गांव भेजे गए व सीधे चुपके से पहुंचे परदेसियों की सूचना प्रशासन ने एकत्र कर ली है। डीएम ने बताया कि गांव पहुंचे लोगों को घर में ही क्वारंटीन किया गया है। रैन बसेरा समेत गांव पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। विभिन्न माध्यमों से इसकी रिपोर्ट ली जा रही है।
लॉकडाउन के दौरान बड़ी संख्या में परदेसियों के पहुंचने के बाद भी जिला अभी तक सुरक्षित बना है। हालांकि बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से प्रशासन, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है लेकिन प्रशासन की ओर से लगातार लोगों की स्क्रीनिंग कराकर उन पर नजर रखा जा रहा है। डीएम सी. इंदुमती ने बताया कि फिलहाल अभी तक जिला सुरक्षित बना है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।
लोगों की आवाजाही को देखते हुए लॉक डाउन के सातवें दिन प्रशासन ने और सख्ती कर दी है। प्रशासन ने लॉकडाउन के दौररन बाइक पर फर्राटा भर रहे लोगों पर शिकंजा कस दिया है। बाइक पर दो लोगों के बैठकर चलने पर प्रशासन ने कार्रवाई का निर्देश दिया है।
प्रशासन की ओर से मंगलवार की सुबह से ही इसका प्रचार भी करछया गया प्रशासन के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। मंगलवार को भी प्रमुख सड़कों पर तकरीबन सन्नाटा पसरा रहा और दुकानें बंद रहीं। कमोबेश ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही हाल रहा।