विस्फोट के बाद मलबा हटाती जेसीबी
कुड़वार/अलीगंज (सुल्तानपुर)। कुड़वार थाना क्षेेत्र के सरैया पूरे बिसेन गांव में शुक्रवार दोपहर पटाखा कारोबारी के घर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि कमरे की दीवारें धराशायी हो गईं और छत गिर गई। घटना में पटाखा कारोबारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी व भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों महिलाओं को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। आसपास के लोग कमरे में पटाखों के भंडारण व उसमें विस्फोट की बात कह रहे हैं। हालांकि, एसडीएम सदर का कहना है कि सिलिंडर फटने से धमाका हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरैया पूरे बिसेन निवासी नूर हसन (28) पटाखा व्यवसायी थे। उनके घर के एक कमरे में शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि कमरे की छत ही गिर पड़ी। वहीं, दीवार की ईंटें और कमरे में रखा सामान दूर-दूर तक बिखर गया। धमाका होते ही नूर हसन भी दूर जा गिरे।वहीं, उनकी पत्नी नाजिया बानो (25) और भाभी अनीशा बानो (32) मलबे में दब गईं। धमाके की आवाज सुन गांव वाले मदद के लिए दौड़े और कड़ी मशक्कत कर घायलों को बाहर निकाला। तीनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां नूर हसन की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट के बाद भी घटनास्थल पर लगातार पटाखे दगते रहे। इससे आशंका है कि कमरे में पटाखों का भंडारण किया गया था। हालांकि, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी का कहना है कि पटाखों से नहीं, बल्कि सिलिंडर फटने से विस्फोट हुआ है। उधर, पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा भी देर शाम जांच करने मौके पर पहुंचे। विस्फोट की असल वजह पता करने के लिए बम निरोधक दस्ता भी बुलाया गया है।