सुल्तानपुर। होली त्योहार को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। स्पेशल ट्रेन पटना से अमृतसर के बीच तीन व छह मार्च को संचालित की जाएगी। अमृतसर से पटना के लिए स्पेशल ट्रेन का संचालन दो और पांच मार्च को होगा। इस ट्रेन का ठहराव सुल्तानपुर स्टेशन पर होने से जिलेवासियों को सुविधा मिलेगी।
लखनऊ रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि अमृतसर से चलने वाली होली स्पेशल तय दिनों पर सुबह 9:45 बजे चलेगी। यह ट्रेन दूसरे दिन भोर 2:45 बजे सुल्तानपुर स्टेशन पर पहुंचेगी। रात्रि में 1:30 बजे पटना जंक्शन पर पहुंचेगी। पटना से चलने वाली होली स्पेशल ट्रेन तय दिनों पर दोपहर 4:00 बजे पटना जंक्शन से चलेगी। यह ट्रेन रात्रि 12:35 बजे सुल्तानपुर स्टेशन पर पहुंचेगी। अगले दिन यह ट्रेन रात्रि 8:00 बजे अमृतसर जंक्शन पर पहुंचेगी। संवाद