सुल्तानपुर। रामपुर बिरतिहा गांव के पास सोमवार की रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार चला रहे बीआरसी पर तैनात एक अनुचर की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। मंगलवार को गमगीन माहौल में परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के रोहनी खोजगीपुर गांव निवासी इंद्रजीत वर्मा (30) पुत्र स्व. संतराम वर्मा बीआरसी पर अनुचर थे। सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे इंद्रजीत बीआरसी से कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में रामपुर बिरतिहा गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे में इंद्रजीत की मौके पर ही मौत हो गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने कार में मिले मोबाइल फोन से घटना की सूचना परिवारीजनों को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। मंगलवार को गमगीन माहौल में परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रोहनी खोजगीपुर गांव निवासी संतराम वर्मा सहायक अध्यापक थे। उनकी मौत के बाद बेटे इंद्रजीत वर्मा को अनुचर की नौकरी मिली थी। इंद्रजीत वर्मा के परिवार में पत्नी सीमा वर्मा के साथ ही एक तीन वर्षीय बेटी मानसी है। इंद्रजीत वर्मा की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
रोहनी खोजगीपुर गांव निवासी इंद्रजीत वर्मा ने अपनी पत्नी सीमा को जिला पंचायत के वार्ड नंबर 11 से चुनाव लड़ाया था। हालांकि सीमा वर्मा चुनाव हार गई थी।