सुल्तानपुर। देश भर में सीरियल ब्लॉस्ट की कोशिश में पीएफआई के दो सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। बुधवार को शहर से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सघन जांच की। रोडवेज बसों की जांच के साथ ही कार और दो पहिया वाहनों की भी जांच की गई। होटल और ढाबों पर रुकने वाले लोगों को पुलिस चिह्नित करने में जुटी है।
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के दो सदस्यों को एसटीएफ लखनऊ ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए दोनों आतंकियों ने वसंत पंचमी के दिन देशभर में सीरियल ब्लॉस्ट करने की योजना का खुलासा किया था। खुलासे के बाद देश भर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। शासन के निर्देश पर बुधवार को जिले में भी हाई अलर्ट रहा। बुधवार को एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने जिले भर में सघन चेकिंग का आदेश जारी कर दिया।
एसपी का आदेश जारी होते ही पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। शहर में रोडवेज के पास दारोगा नियाजी ने बसों की जांच की। सड़क किनारे खड़ीं दो पहिया वाहनों को रोककर उनकी डिग्गी की तलाशी ली गई। इसके बाद यातायात पुलिस ने भी जगह-जगह बैरियर लगाकर शहर में आने वाले वाहनों की जांच की और संदिग्ध लोगों की आईडी लेकर पूछताछ की।
शहर में दीवानी न्यायालय, रोडवेज, भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने सघन अभियान चलाकर जांच की। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर स्थित कूरेभार थाने की पुलिस ने बॉर्डर पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अलीगंज और चांदा कोतवाली क्षेत्र के सोनावा बॉर्डर पर पुलिस ने सघन जांच की। हाईवे पर पड़ने वाले ढाबों पर पुलिस ने ठहरे लोगों के रिकार्ड को खंगाला। शहर के होटलों में भी पुलिस ने पहुंचकर जांच की।
एसपी ने बताया कि जिले में किसी को भी अमन-चैन बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा। हाई अलर्ट के बाद पुलिस को सतर्क रहने का आदेश दिया गया है। होटल व सार्वजनिक स्थानों के साथ ही वाहनों की सघन जांच का आदेश दिया गया है। पुलिस हर किसी पर नजर रखे हुए है।