सुल्तानपुर। पीएम नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिले से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित कर दिया गया है। सोमवार से जिले में रूट डायवर्जन लागू करते हुए अयोध्या जिले की सीमा पर हलियापुर व कूरेभार से भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है। वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे व अन्य वैकल्पिक रास्तों से गंतव्य के लिए रवाना किया जा रहा है। इसके साथ ही पीएम के आगमन के कारण जारी हाई अलर्ट के तहत वाहनों की चेकिंग भी बढ़ा दी है।
रविवार आधी रात से जिले से हाईवे होकर अयोध्या जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई है। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर कूरेभार व रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर हलियापुर कस्बे से भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है।
सीओ ट्रैफिक रमेश कुमार ने बताया कि रूट डायवर्जन 26 नवंबर की रात्रि आठ बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान हाईवे पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। संबंधित क्षेत्र के पुलिस कर्मियों को ट्रक, ट्रैक्टर व अन्य भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से रवाना करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।