सुल्तानपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि केस में शनिवार को वकीलों के कार्य बहिष्कार के कारण सुनवाई टल गई। एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने मामले में अगली सुनवाई के लिए चार दिसंबर की तिथि तय कर दी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर 15 जुलाई 2018 को कर्नाटक की राजधानी बंगलुरू में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इसको लेकर कोतवाली देहात थाने के हनुमानगंज निवासी जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन व भाजपा नेता विजय मिश्रा ने चार अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का परिवाद कोर्ट में दायर किया था।
इसमें राहुल गांधी की जमानत व बयान दर्ज हो चुका है। बीते दिनों परिवादी भाजपा विजय मिश्र का बयान दर्ज हुआ था। शनिवार को परिवादी से जिरह होनी थी, लेकिन वकीलों के कार्य बहिष्कार से जिरह नहीं हो पाई।