मौसम के बदले मिजाज से शनिवार भोर में जिले में झमाझम बारिश हुई। बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। कई जगहों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। बारिश से तापमान में गिरावट आ गई और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल गई।
बरसात से धान की रोपाई में तेजी आ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। शनिवार को भोर में करीब साढ़े चार बजे मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया और बारिश शुरू हो गई। तकरीबन एक घंटे तक तेज बारिश से खेत-खलिहान में लबालब पानी भर गया।
उसके बाद सुबह 11 बजे तक रिमझिम बारिश हुई। गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिल गई है। दिन भर आसमान में बादलों के घेरा डाले रखने और बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई है। बारिश से धान की रोपाई में जुटे किसानों के चेहरे खिल गए हैं। किसानों ने धान की रोपाई में तेजी ला दी है।
बरसात होने से वलीपुर, बघौना बाजार, धनपतगंज, हरौरा, देहली बाजार, मोतिगरपुर, सेमरी बाजार और शहर के लालडिग्गी चौराहे समेत कई जगहों पर जलभराव हो गया। बघौना बाजार में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कई लोगों के घरों में पानी घुस गया।
पुलिस लाइंस के पास निर्माणाधीन ओबरब्रिज के पास सड़क पर जमा कीचड़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह नागा ने बताया कि शनिवार को 100 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।