अमहट सब्जी मंडी परिसर में हुआ जलभराव। स्रोत-व्यापारी
सुल्तानपुर। जिले में गर्मी और उमस से परेशान लोगों को रविवार दोपहर करीब आधे घंटे की झमाझम बारिश ने राहत का पहुंचाई। बारिश थमने के कुछ ही देर बाद बढ़ी नमी ने उमस को और बढ़ा दिया। जिससे लोग फिर चिपचिपी गर्मी से परेशान हो उठे। शहर के कई इलाकों में जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
रविवार सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक तेज बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक जारी बारिश से पंचरास्ता, खैराबाद, शास्त्रीनगर और अमहट सब्जी मंडी समेत कई इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही शहर की सड़कों का जलमग्न हो जाना पानी निकासी व्यवस्था की हकीकत बयां करता है। वहीं, किसानों ने इस बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभकारी बताया। उनका कहना है कि धान, उड़द, मूंग, मक्का, गन्ना, सब्जियों और हरे चारे की फसलों को इस बारिश से संजीवनी मिली है।
बारिश के बढ़े आसार
मौसम विज्ञानी भूपेंद्र सिंह पटेल के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में 1.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। अगले 24 घंटे के दौरान आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।