भदैंया (सुल्तानपुर)। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति में चल रहे 15 दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के आठवें दिन सोमवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू हुए। इसमें 16 टीमें पहुंची हैं। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए ये टीमें आपस में भिडेंगी।
पहला मैच झलियाहवां और गोसाईपुर के बीच खेला गया। झलियाहवां ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में सभी विकेट खोकर 71 रन बनाए। जवाब में गोसाईपुर की टीम ने नौवें ओवर में सात विकेट खोकर तीन विकेट से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच विनोद रहे जिन्होंने दो ओवरों में छह रन देकर तीन विकेट झटके।
टूर्नामेंट का दूसरा मैच टीचर्स-11 और मनिकापुर के बीच खेला गया। टीचर्स-11 की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में चार विकेट खोकर 62 रन बनाए। जवाब में मनिकापुर की टीम ने आठवें ओवर में छह विकेट के नुकसान पर लक्ष्य पूरा कर लिया। मनिकापुर ने चार विकेट से जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच गौरव रहे जिन्होंने तीन विकेट झटके।
तीसरा मैच लालू का पुरवा और हनुमानगंज के बीच खेला गया। हनुमानगंज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में आठ विकेट खोकर 47 रन बनाए। जवाब में लालू का पुरवा की टीम ने सातवें ओवर में तीन विकेट खोकर मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच फहाद रहे जिन्होंने छह गेंदों पर 18 रन बनाकर दो विकेट लिए।
निर्णायक अनिल शर्मा व अनिल यादव रहे। टूर्नामेंट का संचालन प्रिंस वर्मा व चौधरी आशुतोष ने किया। इस अवसर पर अमर बहादुर वर्मा, राजेश वर्मा, रमेश, विनोद वर्मा, बबलू वर्मा, दिनेश वर्मा, रोहित व उमाशंकर मौजूद रहे।