शहर के रामलीला मैदान स्थित सराफा शोरूम में ग्राहकों की लगी भीड़।
- फोटो : शहर के रामलीला मैदान स्थित सराफा शोरूम में ग्राहकों की लगी भीड़।
सुल्तानपुर। सहालग शुरू होने से पहले सोने और चांदी के दामों में गिरावट आने से बाजार में रौनक बढ़ गई है। आभूषणों की खरीदारी तेज हो गई है और दुकानदारों के पास ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। शहर के पंचरास्ता स्थित आभूषण विक्रेता गोपालजी सोनी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सोने-चादी के भाव घटे हैं। 24 कैरेट सोना 10 ग्राम का भाव अब 1.49 लाख रुपये तक पहुंच गया है, जबकि चांदी का भाव 2.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। 16 अप्रैल से सहालग शुरू होने वाली है।
ऐसे में गिरावट का असर खरीदारी पर देखने को मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह से ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। सराफा व्यापारी राजकुमार सोनी ने कहा कि जिन परिवारों में अप्रैल और मई में शादी है, वे दुकान पर ऑर्डर बुक करा रहे हैं। रेट कम होने से सराफा की बिक्री बढ़ी है। सराफा दुकानदार शिव अग्रहरि ने बताया कि दाम गिरने से आभूषणों के बाजार में रौनक बढ़ी है। शादियों का मौसम शुरू होने वाला है, इसलिए आगामी दिनों में खरीदारी और भी बढ़ने की उम्मीद है।
दाम घटने से मिली थोड़ी राहत
रामनगर की शिवकुमारी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 29 अप्रैल को है। सोने और चांदी के दाम कम होने पर उन्होंने पायल, बिछुआ, मंगलसूत्र और अन्य गहने खरीदे हैं। बनकटवा की कलावती ने कहा कि दाम कम होने से उन्हें खरीदारी में थोड़ी राहत मिली है। सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवी प्रसाद सोनी ने बताया कि आभूषण बाजार में इस समय खरीदारों के लिए सबसे अनुकूल माना जा रहा है, क्योंकि गिरावट के बाद खरीदारी करने पर उपहार और शादी-विवाह के लिए आभूषणों पर अच्छा फायदा मिल रहा है।