गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के मूंगर कनरहिया गांव में सोमवार सुबह भूमि के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची युवती को हमलावरों ने घसीटकर जमकर पीटा। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। मृतका के चचेरे भाई ने 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मूंगर कनरहिया निवासी संजय कुमार व राकेश के बीच सोमवार सुबह विवादित भूखंड पर निर्माण कराने को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने के लिए गांव के हृदयराम वर्मा, उनकी पत्नी सुमित्रा देवी व बेटी अंशिका वर्मा (23) भी पहुंच गई। आरोपियों ने सुमित्रा व अंंशिका को भी जमकर मारापीटा। गंभीर रूप से घायल अंशिका को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया, जहां शाम को उनकी मौत हो गई। नाराज घरवालों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मेडिकल कॉलेज में हंगामा किया। हालांकि, अधिकारियों ने तुरंत समझा-बुझाकर शांत करा दिया।
गोसाईगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि अंशिका के चचेरे भाई राहुल वर्मा की तहरीर पर राजेश, राकेश, राम केवल, खदेरू, रजनीश, मनीष, राजेश, गुलशन, अजय, संतोष, दिनेश व अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कई आरोपी हिरासत में लिए गए हैं।
16 पर मारपीट का केस
भूखंड को लेकर हुए विवाद में संजय की तहरीर पर राकेश, राजेश, मनीष, कुसुम, लता, उषा, गायत्री पर मारपीट का केस दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के राकेश की तहरीर पर संजय, अनिल, राम मनोरथ, लालती, फूला, अमर बहादुर, सुधीर कुमार, हृदयराम वर्मा, विनोद कुमार पर मारपीट का केस दर्ज किया है। हृदयराम वर्मा ने बताया कि भूखंड के विवाद से उनका कोई लेना देना नहीं है। वह तो महज बीचबचाव करने गए थे।