जयसिंहपुर। चंदन शर्मा हत्याकांड में शामिल गैंग लीडर सहित तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। बुधवार को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। करिया बझना निवासी चंदन शर्मा की गत एक अगस्त की रात कार से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जयसिंहपुर कोतवाली तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
जयसिंहपुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक कूरेभार के बरौला निवासी अमित यादव गैंग लीडर है। उसका एक संगठित गिरोह है। उसके गैंग के सदस्य उसके भाई सचिन व पिंटू यादव हैं। गैंग लीडर अमित यादव व उसके गैंग के सदस्यों के खिलाफ वादी मुकदमा राम दौर निवासी बझना, जयसिंहपुर ने गत वर्ष दो अगस्त अपने पुत्र चंदन शर्मा की कार से टक्कर मारकर हत्या कर देने व साथ में खड़े व्यक्तियों को गंभीर रूप से घायल कर देने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जयसिंहपुर पुलिस ने आरोपियों का गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी के पास अनुमोदन के लिए भेजा था। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि गत नौ जनवरी को डीएम ने गैंग चार्ट अनुमोदित कर दिया। अनुमोदन वाला गैंग चार्ट बुधवार को जयसिंहपुर कोतवाली पहुंचा। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की प्राथमिकी दर्ज की गई है।