धोपाप घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। गंगा दशहरा के मौके पर बृहस्पतिवार को आदि गंगा गोमती के धोपाप घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने आदि गंगा गोमती में डुबकी लगाई। सुबह से ही गोमती में स्नान के बाद अन्नदान व पूजन का शुरू हुआ सिलसिला देर शाम तक चला। स्नान के बाद धाम के ऐतिहासिक श्रीराम-जानकी मंदिर में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका और परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। मेले में सजीं दुकानों से महिलाओं व बच्चों ने जमकर खरीदारी की।
जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में शुमार ऐतिहासिक धाम धोपाप में बृहस्पतिवार को भोर चार बजे से ही आदि गंगा गोमती में स्नान शुरू हो गया। स्नान का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने टीले पर मौजूद श्रीराम-जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना की। गोमती नदी का पूजन करने के लिए भी लोगों का तांता लगा रहा। आसपास के गांवों के अलावा जौनपुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़, वाराणसी, फैजाबाद, गाजीपुर, अंबेडकरनगर, अमेठी, रायबरेली समेत कई जिलों से श्रद्धालु स्नान के लिए धोपाप घाट पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने पूजा के साथ ही अन्नदान की परंपरा का भी निर्वहन किया। गोमती तट पर मौजूद पंडों ने गोदान भी कराया। मेला क्षेत्र में मौजूद दुकानों से महिलाओं व बच्चों ने जमकर खरीदारी की। मेले में खिलौने, प्रसाद, श्रृंगार के साथ ही खाने-पीने के सामानों की दुकानों पर भारी भीड़ लगी रही। इसके अलावा गंगा दशहरा पर्व पर शहर के सीताकुंड घाट समेत गोमती नदी के अन्य घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने स्नान किया।