सुल्तानपुर। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में सोलर प्लांट के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी ने कोतवाली नगर में एक वेंडर फर्म और उसके प्रतिनिधि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी की गई।
यूपीनेडा कार्यालय की तहरीर के अनुसार, सुल्तानपुर के तीन उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी से इसकी लिखित शिकायत की थी कि यूपीनेडा में पंजीकृत वेंडर फर्म मेसर्स ओइको श्रीम इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ और उसके प्रतिनिधि राज कुमार सिंह पर है। शिकायत के अनुसार फर्म ने लगभग दो महीने पहले उपभोक्ताओं के नाम पर बैंक से ऋण स्वीकृत कराया। ऋण की बड़ी राशि सीधे फर्म के खाते में जमा हो गई, लेकिन आवेदकों के घरों पर आज तक सोलर प्लांट स्थापित नहीं लगाया गया।
ओम नगर निवासी नंदलाल तिवारी के एसबीआई खाते से 1,80,000, करुणा शंकर कॉलोनी के राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के खाते से 1,75,500 व बढ़ैयाबीर के मोहित मिश्रा के खाते से 1,75,500 की राशि फर्म को भेजी गई। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक जितेंद्र राज को सौंप दी है।