सुल्तानपुर। निजामुद्दीन मरकज के जमाती सूडानी नागरिक की चौथी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर सूडानी नागरिक को एल वन हॉस्पिटल से छुट्टी देकर अस्थाई जेल भेज दिया गया है। सूडानी की रिपोर्ट निगेटिव आने से प्रशासन व स्वास्थ्य महकमे ने राहत की सांस ली है।
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल होकर जिले में पहुंचे 10 सूडानी नागरिकों की प्रशासन ने जांच करवाई थी। पहली जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। दूसरी जांच में एक सूडानी जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर उसे कुड़वार के एल वन हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया था।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराई गई जांच में तीसरी व चौथी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सूडानी को एल वन हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी। डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर सूडानी नागरिक को अस्थाई कारागार भेज दिया गया है। एसपी शिवहरी मीणा ने बताया कि सूडानी को फरीदीपुर के अस्थाई कारागार में भेजा गया है।
जिले में पहुंचे सभी सूडानी नागरिकों के खिलाफ पुलिस ने वीजा नियमों व लॉकडाउन के उल्लंघन का केस दर्ज किया था। ये सभी केएनआईएमटी के शेल्टर होम में क्वारंटीन थे। बाद में एक के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उसे एल वन हॉस्पिटल कुड़वार में भर्ती कराया गया था।
पिछले द िनों नौ सूडानी नागरिकों को कोर्ट में पेश किया गया था। वहां से रिमांड मजिस्ट्रेट ने उन्हें अस्थाई जेल भेज दिया था। कोरोना पॉजिटिव मरीज के निगेटिव मिलने के बाद उसे ठीक मानकर अस्थाई जेल भेज दिया गया है।