भदैंया। हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार को हुई दुर्घटनाओं में शिक्षिका समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। क्रॉसिंग पर ये हादसे रेलवे लाइन के दोनों छोर पर हुए गड्ढे की वजह से हो रहे हैं।
भदैंया क्षेत्र के शुकुलपुर दलित बस्ती स्कूल में तैनात प्रधानाध्यापिका सुनीता यादव शुक्रवार को दोपहर अपने आवास पयागीपुर से स्कूटी से बरुई गांव जा रही थीं।
हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग पर फिसल कर गिरने से सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया है। दूसरी दुर्घटना भी इसी स्थान पर हुई। बाइक सवार तीन युवक क्रॉसिंग पार करते समय गिरकर घायल हो गए।
घायलों की पहचान सभाजीत निषाद, मनोरथ और सुनील निवासीगण बदरुद्दीनपुर के रूप में की गई। तीनों युवकों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्रॉसिंग के दोनों छोर पर गड्ढा है, जिसकी वजह से आए दिन ये हादसे हो रहे हैं।