सुल्तानपुर। बरुआ उत्तरी गांव में बृहस्पतिवार की रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग से चार मकान जलकर राख हो गए। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। आग से तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राजस्व कर्मियों ने घटना स्थल का मुआयना कर नुकसान का जायजा लिया है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के बरुआ उत्तरी गांव में किंदीपुर उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जाती है। बृहस्पतिवार की रात में बरुआ उत्तरी गांव निवासी राम मूर्ति निषाद के मकान में बिजली की शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान आग ने पड़ोसी धर्मराज निषाद, रोहित निषाद और रोहिण निषाद के मकान को चपेट में ले लिया। ग्रामीणों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया गया आग से चारों मकान जलकर राख हो गए।
पीड़ितों के अनुसार आग बिजली के तार में स्पार्किंग से लगी है। आग से करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। शुक्रवार की सुबह लेखपाल इंद्रभान मिश्र ने गांव पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।