लंभुआ के जाटूपुर गांव में गेहूं के खेतों में लगी आग।
सुल्तानपुर। लंभुआ रेलवे स्टेशन के पास नगर पंचायत निवासी अखिलेश बरनवाल के गेहूं के खेत में बुधवार को शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। लगभग एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। कूरेभार के मुजौंना तिवारीपुर में बुधवार दोपहर कृष्ण देव तिवारी के खेत में गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे दो बीघा फसल जलकर राख हो गई। अशोक तिवारी के खेत में मड़ाई के बाद रखा भूसा भी जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई।
धम्मौर के कचनावा गांव में बुधवार दोपहर अशोक तिवारी और सोनू तिवारी के खेत में आग लग गई है। हवा तेज होने से करीब एक बीघा गेहूं की फसल के साथ दीपक कोरी का और गृहस्थी का सामान जल गया। वहीं, भदैंया के पटेल नगर गौरा चौराहे पर बुधवार को अज्ञात कारण से आग लग जाने से जानकी पत्नी जोखई की जलपान की दुकान राख हो गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सभी घटनाओं में नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग को सूचना दी गई है।