सुल्तानपुर। हनुमानगंज बाजार से खरीदी गई मिठाई खाने के बाद बुधवार शाम दो युवकों की तबीयत बिगड़ गई। परिवारीजनों ने दोनों को एक नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। चिकित्सकों के मुताबिक दूषित मिठाई खाने से दोनों की तबीयत बिगड़ी थी।
क्षेत्र के बदरुद्दीनपुर निवासी दिनेश निषाद के घर बुधवार को प्रतापगढ़ जिले के पूनी मदाफरपुर से रिश्तेदार रामकृपाल और रमेश आए थे। दिनेश के घर पहुंचने से पहले दोनों ने हनुमानगंज बाजार से मिठाई खाई और रिश्तेदार के घर के लिए पैक कराई। दोनों कुछ देर बाद दिनेश के घर पहुंचे तो उन्हें उल्टियां होने लगी। परिवारीजन दोनों को लेकर एक प्राइवेट नर्सिंग होम में पहुंचे। चिकित्सक ने फूड पॉइजनिंग बताते हुए दोनों का उपचार किया। इस जानकारी के बाद दिनेश ने घर आई मिठाई को फेंक दिया। लंभुआ तहसील के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी एसके यादव ने बताया कि प्रकरण जानकारी देर से मिली, लिहाजा जांच नहीं हो सकी है। शुक्रवार को टीम मौके पर जाकर जांच करेगी।